वॉयस ऑफ ए टू जेड न्यूज:-
लखनऊ- सुशांत गोल्फ सिटी में आयकर विभाग को मेसर्स अंसल एपीआइ के कार्यालयों में जांच के दौरान बुधवार देर रात 38 करोड़ रुपये नकद और सोने के ब्रिक्स मिले हैं। देर रात मशीन मंगाकर नोटों को गिना गया। वहीं, सोने के ब्रिक्स के वजन और उनके बाजार भाव का मूल्यांकन आयकर विभाग कर रहा है।
आयकर विभाग के सूत्रों के मुताबिक आइटीआर भरते समय अंसल ग्रुप ने कैपिटल गेन का खेल किया है। आवासीय योग्य भूमि को कृषि भूमि दिखाकर बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितता की गई है। उसने दिवालिया होने से पहले दूसरे प्रोजेक्टों में रुपया लगा दिया है। इस बीच आयकर विभाग को जो दस्तावेज मिले हैं, उससे उसकी जांच बेनामी संपत्तियों, निदेशकों की हेराफेरी और कई नौकरशाहों की अर्जित संपत्तियों की ओर घूम गई है।
जांच के बाद आयकर विभाग इन दस्तावेजों से जुड़े कई लोगों से पूछताछ कर सकता है। आयकर विभाग को सुशांत गोल्फ सिटी से जुड़ी कई बेनामी संपत्तियों के दस्तावेज मिले हैं। इन संपत्तियों को लेकर आयकर विभाग की टीम ने अंसल के कुछ कर्मचारियों से पूछताछ भी की है। कंप्यूटर सिस्टम पर इन संपत्तियों का मिलान भी किया गया है।
वहीं, सुशांत गोल्फ सिटी में कई आइएएस, आइपीएस सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारियों और कुछ प्रभावशाली लोगों की संपत्तियों के बारे में भी आयकर विभाग ने जानकारी एकत्र की है। इन अधिकारियों की संपत्तियों की सूची विभाग तैयार कर रहा है।
माना जा रहा है कि दिल्ली लौटने के बाद आयकर विभाग की टीम बेनामी और इन अधिकारियों की संपत्तियों की जांच के लिए नोटिस जारी कर सकती है। अंसल ग्रुप के निदेशकों के बड़े पैमाने पर हेराफेरी करने से जुड़े कई दस्तावेज भी आयकर विभाग को मिले हैं।